छत्तीसगढ़राज्य

साय कैबिनेट का जल्द होगा विस्तार, दो से तीन कैबिनेट मंत्री बनाने की चर्चा, निगम मंडल की दूसरी सूची और संसदीय सचिवों की लिस्ट भी संभव

 रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Vishnu Dev Sai) के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार कभी भी हो सकता है। सीएम के इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

संभावना जताई जा रही है कि 10 अप्रैल तक मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। वहीं, कांग्रेस ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चुटकी ली है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इसे बीरबल की खिचड़ी करार दिया है। इस पर भाजपा ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि भगत का कोई वजूद नहीं है।

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी में बुधवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। इसके लिए खासतौर पर दिल्ली से भाजपा के सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंच चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक, निकाय स्तर के नेताओं की अलग बैठक होगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद प्रदेश में निगम मंडल में अन्य पदाधिकारी की घोषणा, कैबिनेट विस्तार में मंत्रियों के नाम का ऐलान और संसदीय सचिवों से जुड़ी सूची भी भाजपा जल्द जारी कर सकती है।

ऐसा है संगठन के नेताओं का आज का शेड्यूल

शिवप्रकाश और नीतिन नबीन भाजपा और निगम-मंडल व आयोगों के पदाधिकारियों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले महामंत्रियों की बैठक होगी।

इसके बाद निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की बैठक होगी। फिर सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेंगे। इसके बाद नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक नेता लेंगे।

कार्यकर्ताओं को क्या सीख मिली

एक दिन पहले मंगलवार शाम रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन भी हुआ। भाजपा 6 अप्रैल स्थापना दिवस से ही अलग-अलग कार्यक्रम कर रही है। रायपुर के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ।

यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले पार्टी के दो सांसद हुआ करते थे, तब सत्ता पक्ष के लोग मजाक उड़ाकर व्यंग्य करते थे- हम दो हमारे दो। तब श्रद्धेय अटल जी कहा था कि अभी तो आप लोगों की हंसने की बारी है।

एक समय आएगा कि पूरा देश भाजपा के साथ होगा। आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है। भाजपा की इस सफलता और जन-विश्वास को हमें आगे बढ़ाना है और पार्टी की मजबूती को बनाकर रखना है।

बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच नौ अप्रैल को भाजपा की कई महत्वपूर्ण बैठकें रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जाएंगी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश सुबह से ही संगठन के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

इसमें निगम-मंडल, आयोगों के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के साथ-साथ नगरीय निकायों के महापौर और सभापति भी शामिल रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के समन्वय को मजबूत करना और संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम चर्चा करना है।
अमर अग्रवाल और गजेंद्र यादव का मंत्री बनना तय

सूत्रों की मानें तो साय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में बिलासपुर से पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के बाद इन नामों पर मुहर लगी है।

अमर अग्रवाल पूर्व में वित्त और नगरीय प्रशासन मंत्री रह चुके हैं, वहीं गजेंद्र यादव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ नेता बिसराराम यादव के बेटे हैं। भाजपा की रणनीति यादव समाज को साधने की है, ताकि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटरों को अपने पक्ष में किया जा सके।

News Desk

The News Desk at Janmorcha.in is committed to delivering timely, accurate, and in-depth coverage of the latest events from across the globe. Our team of seasoned journalists and editors work tirelessly to ensure that our readers are informed with the most current and reliable news. Whether it's breaking news, politics, sports, or entertainment, the News Desk is dedicated to providing comprehensive analysis and insights that matter to our audience. Trust the News Desk at Janmorcha.in to keep you informed with the news that shapes the world around us.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button